झाड़ग्राम। साधु रामचंद्र मुर्मू विश्वविद्यालय, झाड़ग्राम में अगले शैक्षणिक सत्र से तीन वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग को लेकर जंगलमहल स्वराज मोर्चा ने विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र लिखा। जेएसएम के केंद्रीय अध्यक्ष अशोक महतो ने बुधवार को कुलपति को ई-मेल के माध्यम से लिखित प्रतिवेदन भेजकर पाठ्यक्रम शुरू करने की प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया।
जेएसएम ने अपने पत्र में कहा है कि स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद कानून की पढ़ाई करने के इच्छुक झाड़ग्राम जिले के विद्यार्थियों के लिए स्थानीय स्तर पर विकल्प सीमित हैं। इसके चलते विद्यार्थियों को दूसरे जिलों या कई मामलों में पश्चिम बंगाल से बाहर जाना पड़ता है। इसका असर विशेष रूप से आदिवासी, पीवीटीजी, पिछड़े वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर और अन्य जरूरतमंद परिवारों के विद्यार्थियों पर पड़ता है। झाड़ग्राम विश्वविद्यालय में ही एलएलबी पाठ्यक्रम शुरू होने से जिले और आसपास के जंगलमहल क्षेत्र के विद्यार्थियों को घर के करीब कानून की पढ़ाई का अवसर मिलेगा।
जेएसएम ने अपने प्रतिवेदन में यह भी कहा कि कानूनी शिक्षा विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर देने के साथ संविधान, कानून, अधिकार, न्याय और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
संगठन ने विश्वविद्यालय से आवश्यक वैधानिक एवं नियामकीय मंजूरियों, आधारभूत सुविधाओं और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए आगामी शैक्षणिक सत्र से तीन वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम शुरू करने पर विचार करने का आग्रह किया है।















Leave a Reply