सोहराय खूंटव और सोहराय गीतों से गूंजा गांव, आदिवासी संस्कृति एवं परंपरा की दिखी झलक
पोटका। प्रखंड के सानग्राम पंचायत के जोजोसाई गांव में आदिम रुसिका गांवता जियाड़ जोजोसाई की ओर से दिशोम सोहराय एवं स्पोर्ट्स मेला का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर सोहराय खूंटव, सोहराय गीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और लोककला की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार शामिल हुए। उनके साथ सानग्राम पंचायत के मुखिया अभिषेक सरदार, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन सहित अन्य अतिथि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
आदिवासी समाज की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, परंपरा से है – विधायक संजीव सरदार
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और आपसी एकजुटता से है। अपनी भाषा, रीति-रिवाज, पर्व-त्योहार और सांस्कृतिक विरासत को बचाकर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज के लोग आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहें और अपनी परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का माध्यम हैं। विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के लोगों की हर जरूरत और सुख-दुख में वे उनके साथ खड़े रहेंगे। क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा उपलब्ध रहेंगे।
पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया सोहराय
दिशोम सोहराय के अवसर पर आयोजित खूंटव और सोहराय गीतों ने समारोह को खास बना दिया। पारंपरिक गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों ने अपनी लोकपरंपरा और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया। इस आयोजन ने नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया।













Leave a Reply