JHAHIN/2014/58773

दुमकाः धर्मपुर में बस्ती से महज 30 मीटर दूर पत्थर खनन लीज पर भड़का ग्रामीणों का आक्रोश

Spread the love

ग्रामसभा के दो विरोध प्रस्तावों की अनदेखी का आरोप, जांच पूरी होने तक खनन कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग

दुमका। गोपीकांदर प्रखंड अंतर्गत धर्मपुर गांव की आबादी से महज 30 मीटर की दूरी पर पत्थर खनन की लीज आवंटित किए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। इस मामले को लेकर शनिवार को युवा नेता सह समाजसेवी निखिल मुर्मू ने धर्मपुर गांव पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच पूरी होने तक खनन गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

एकमात्र संपर्क सड़क भी लीज क्षेत्र में शामिल

ग्रामीणों ने बताया कि पत्थरचुआं मौजा में कारोबारी हरिनंदन चौधरी को 1.768 हेक्टेयर भूमि पर पांच वर्षों के लिए खनन लीज दी गई है। प्रस्तावित खनन क्षेत्र में गांव की एकमात्र संपर्क आर एंड यू सड़क भी शामिल कर ली गई है। खनन शुरू होने से गांव के करीब 300 परिवारों की 1200 आबादी का आवागमन ठप हो जाएगा। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम लोगों के सामने गंभीर संकट खड़ा होने की आशंका है।

दो बार ग्रामसभा से पारित प्रस्ताव पर भी कार्रवाई नहीं

ग्रामीणों के अनुसार, लीज के विरोध में ग्रामसभा ने दो बार सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया है। इसकी प्रति अंचल कार्यालय गोपीकांदर, जिला खनन पदाधिकारी और उपायुक्त को सौंपकर लिखित आपत्ति भी दर्ज कराई गई। इसके बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने पर लोगों ने नाराजगी जताई है।

व्यापक जनआंदोलन की चेतावनी

निखिल मुर्मू ने कहा कि बस्ती के इतने करीब लीज देना ग्रामीणों की सुरक्षा और अधिकारों के साथ खिलवाड़ है। ब्लास्टिंग, कंपन और धूल से मकानों व स्वास्थ्य को भारी नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि यह आदिवासी समाज के जल-जंगल-जमीन और ग्रामसभा के अधिकारों से जुड़ा मामला है। उन्होंने नियमों की अनदेखी की जांच करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!