पोटका। पोटका विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं हल्दीपोखर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में व्याप्त विभिन्न समस्याओं तथा आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल ने झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री एवं उपायुक्त को पत्र लिखकर अविलंब सुधार की मांग की है।
सूरज मंडल ने अपने पत्र के माध्यम से पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्मित भवन की जर्जर स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित भवन की वर्तमान स्थिति को देखते हुए किसी भी समय अप्रिय दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। मरीजों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भवन की तत्काल जांच कराकर मरम्मत कराना आवश्यक है।
इसके साथ ही उन्होंने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग करते हुए अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे एवं ब्लड टेस्ट जैसी मुलभूत की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
सूरज मंडल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को छोटी-छोटी जांच और इलाज के लिए जमशेदपुर दूर-दराज के अस्पतालों में जाना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक एवं शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध करा दी जाएं, तो क्षेत्र के हजारों लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने राज्य सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इन सभी समस्याओं पर शीघ्र संज्ञान लेने तथा आवश्यक कार्रवाई कर पोटका एवं हल्दीपोखर के स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।













Leave a Reply