JHAHIN/2014/58773

आईआईटी खड़गपुर ने रचा इतिहास, एमडी पाठ्यक्रमों के लिए एनएमसी से मान्यता पाने वाला देश का पहला आईआईटी बना

Spread the love

खड़गपुर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचा है। संस्थान देश का पहला आईआईटी बन गया है, जिसे स्नातकोत्तर चिकित्सा पाठ्यक्रम (एमडी) संचालित करने के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) से मान्यता मिली है। इसके साथ ही आईआईटी खड़गपुर तकनीकी शिक्षा के साथ चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में भी एक नई पहल करने जा रहा है।

संस्थान के डॉ. बीसी रॉय मल्टी स्पेशियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से छह विशेषज्ञता वाले एमडी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों में कुल 12 सीटें होंगी। प्रत्येक विषय में दो-दो सीटें निर्धारित की गई हैं।

इन छह विशेषज्ञता वाले पाठ्यक्रमों में जनरल मेडिसिन, रेडियोलॉजी, फिजियोलॉजी, पैथोलॉजी, कम्युनिटी मेडिसिन और बायोकेमिस्ट्री शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों में दाखिला नीट-पीजी 2026 की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से होगा। दूसरे चरण की काउंसलिंग से इन सीटों पर प्रवेश उपलब्ध कराया जाएगा।

आईआईटी खड़गपुर के निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल डॉक्टर तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसा शैक्षणिक और अनुसंधान तंत्र विकसित करना है, जहां चिकित्सा विज्ञान, इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और शोध का समन्वय हो। संस्थान चाहता है कि यहां से निकलने वाले चिकित्सक बेहतर इलाज के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र की जटिल चुनौतियों के समाधान में नवाचार की भूमिका भी निभाएं।

इन पाठ्यक्रमों में चिकित्सा शिक्षा को इंजीनियरिंग, एआई और बायोमेडिकल साइंस के साथ जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा। विद्यार्थियों को एआई आधारित क्लिनिकल निर्णय, आधुनिक मेडिकल इमेजिंग, कंप्यूटेशनल पैथोलॉजी और प्रिसिजन मेडिसिन जैसे उभरते क्षेत्रों में शोध का अवसर भी मिलेगा।

आईआईटी खड़गपुर की यह पहल तकनीकी और चिकित्सा शिक्षा के बीच समन्वय को नया आयाम देने के साथ देश में मेडिकल रिसर्च की संभावनाओं को भी विस्तार दे सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!