आदित्यपुर(चंद्रशेखर)। नगर निगम द्वारा 35 वार्डों में युद्धस्तर पर साफ-सफाई की पहल की जा रही है। जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी घाट और नदी तट इलाकों का मिनट-मिनट जायजा ले रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। लेकिन आदित्यपुर-2 के वार्ड 28 के काली मंदिर छठ घाट और कुलुपटांगा घाट में अभी भी अधूरे काम दिखाई दे रहे हैं।
वार्ड 28 के काली मंदिर छठ घाट की बात करें तो छठ व्रतधारी और श्रद्धालु डूबते हुए सूर्य और उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने आएंगे, लेकिन उन्हें गंदगी से पटे तट इलाकों की बदबू का सामना करना पड़ेगा।
वहीं कुलुपटांगा घाट में श्रद्धालुओं को पार्किंग के साथ-साथ चढ़ने-उतरने में भी असुविधा होगी। घाट का सौंदर्यीकरण तो किया गया है, लेकिन कहीं-कहीं इतनी ढलान वाला रास्ता बना दिया गया है कि व्रतधारी और श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
इस दौरान समाजसेवी ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि जिला और नगर निगम के अधिकारियों ने नदी घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों से नदी से सटे झाड़ियों को कटवाने की बात भी कही गई, लेकिन अधिकारी ‘हो जाएगा, हो जाएगा‘ बोलकर निकल गए।
वहीं काली मंदिर छठ घाट को लेकर जनकल्याण मोर्चा के अध्यक्ष ने कहा कि जिस प्रकार से निगम को काम करना चाहिए, वह पूरी तरह से नहीं हो पाया है। घाट पर अभी भी कचरा पड़ा है, जिससे बदबू आ रही है।













Leave a Reply