जमशेदपुर। डी.बी.एम.एस. कॉलेज ऑफ एजुकेशन के एनएसएस यूनिट-1 के स्वयंसेवकों ने विशेष शिविर के अंतर्गत रविवार को गोद लिए गए ग्राम धनचटानी में विभिन्न सामाजिक जागरूकता एवं सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया। दिनभर की गतिविधियों के दौरान स्वयंसेवकों ने ग्रामीण समुदाय के साथ सक्रिय रूप से जुड़कर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश दिया।कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता एवं पौधरोपण अभियान से हुई। एनएसएस स्वयंसेवकों ने ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से विभिन्न फलदार एवं सब्जियों के पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर बिनापानी हाई स्कूल के प्राचार्य, सभी शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने भी सक्रिय रूप से पौधरोपण अभियान में भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को हरित एवं स्वच्छ वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।इस दौरान स्वयंसेवकों ने ‘नशामुक्त भारत’ विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों तथा इसके कारण व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।पूरे अभियान के दौरान स्वयंसेवकों में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना देखने को मिली। धनचटानी में आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से एनएसएस स्वयंसेवकों ने न केवल ग्रामीण समुदाय के बीच जागरूकता का संदेश पहुँचाया, बल्कि स्वयं भी सामुदायिक सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।कार्यक्रम की रूपरेखा एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर पूनम कुमारी ने कॉलेज की सचिव श्रीप्रिया धर्मराजन, सह सचिव सुधा दिलीप, प्राचार्य डॉ. मोनिका उप्पल, उप प्राचार्या डॉ. पामिला घोष दत्ता एवं शिक्षकगण के साथ-साथ सहायक सहकर्मियों के साथ तैयार की थी।
एनएसएस स्वयंसेवकों ने धनचटानी में चलाया स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान
















Leave a Reply