ईचागढ़ से चंद्रशेखर की विशेष रिपोर्ट
ईचागढ़। पंचायत फंड की सड़क वापस हुई तो आदिवासियों ने चंदा कर बनाई 350 फीट सड़क, आदिवासी मुख्यमंत्री और दो बार की विधायक के बाद भी गांव उपेक्षित।
सरायकेला-खरसावां जिले के चौका-ईचागढ़ मुख्य सड़क किनारे बसा चावलीबासा पंचायत का खुदियाडीह गांव आजादी के 78 साल बाद भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास नहीं तो वोट नहीं, 2029 में जवाब देने को तैयार हैं।
बरसात में हालात और बदतर हो जाते हैं। सड़क कीचड़ से भर जाती है, एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंचता हैं। मजबूरी में मरीज को 2 किलोमीटर तक खाट या ढोले पर कंधे पर उठाकर ले जाना पड़ता है। क्षेत्र में सांप-बिच्छू और जंगली जानवरों का भी डर बना रहता है।
ग्रामीणों का दर्द तब और बढ़ गया जब मुखिया फंड से स्वीकृत 200 फीट पीसीसी पथ का निर्माण गांव से वापस लेकर दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया। सालों तक आश्वासन ही मिला। अंत में गांव के लोगों ने अपनी कमाई से चंदा कर कंपनी से चारकोल खरीदकर 350 फीट लंबी सड़क खुद बना ली।
चावलीबासा पंचायत के वार्ड मेंबर अनिल माझी (वास्के) ने बताया कि गांव के आदिवासी परिवार खेती और दूसरे राज्यों में पलायन कर कड़ी मेहनत से दो वक्त की रोटी जुटाते हैं। मकान आज भी कच्ची मिट्टी के हैं। कई बार विधायक को लिखित आवेदन दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। चुनाव में बड़े-बड़े वादे कर चले जाते हैं।
उन्होंने कहा कि “हमने आदिवासी मुख्यमंत्री और जेएमएम की ईचागढ़ विधायक सविता महतो को दो बार जिताया, लेकिन विधायक बनने के बाद उन्होंने आज तक हमारे गांव की ओर देखा तक नहीं। इसका जवाब 2029 में मिलेगा।”
ग्रामीण महिला वैशाखी बास्के ने कहा – “पेपर में देखा था कि विधायक मैडम सड़क का शिलान्यास कर रही हैं, लेकिन हमारे गांव में आज तक नजर नहीं आईं। अगली बार जवाब जरूर मिलेगा।”
बिजली, पानी, शिक्षा से वंचित गांव -जंगल के बीच बसे इस आदिवासी बहुल गांव में बिजली और शुद्ध पेयजल की दयनीय स्थिति है। सर्व शिक्षा अभियान के तहत खुला नव प्राथमिक विद्यालय भी विलय कर दिया गया, जबकि गांव में 5 से 12 साल के 35-40 बच्चे हैं। उन्हें पढ़ने के लिए व्यस्त चौका-पातकुम रोड पार कर 1.5 से 2 किमी दूर जाना पड़ता है। वहीं प्रखंड में 5-10 बच्चों वाले स्कूल चल रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से बिजली, पानी, सड़क और स्कूल की सुविधा बहाल करने की मांग की है।















Leave a Reply