मुंबई से छठ मनाने घर आ रहा था 16 वर्षीय पिंटू, कोरडाहा के समीप दो बाइकों की टक्कर में गई जान
सरैयाहाट। मां की आंखों में बेटे के घर लौटने की खुशी थी। इंतजार था कि बेटा आएगा तो साथ बैठकर छठ पर्व मनाएंगे। घर में त्योहार की तैयारियां होंगी और आंगन में खुशियां लौटेंगी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जिस इकलौते बेटे के आने की राह मां देख रही थी, वह घर तो लौट रहा था, लेकिन रास्ते में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने उसकी जिंदगी ही छीन ली। अब घर में छठ की खुशियों की जगह मातम पसरा है और मां की गोद हमेशा के लिए सूनी हो गई है।
यह हृदयविदारक घटना नेशनल हाईवे-133 पर सरैयाहाट थाना क्षेत्र के कोरडाहा गांव के समीप की है। दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 16 वर्षीय पिंटू कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक बिहार के जयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिराडीह गांव का रहने वाला था। बताया जाता है कि पिंटू मुंबई की एक कंपनी में काम करता था। छठ महापर्व पर अपने घरवालों के साथ पर्व मनाने के लिए वह मुंबई से घर लौट रहा था। जसीडीह स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद वह बस से कोरडाहा पहुंचा। वहां उसका मित्र महेंद्र राय बाइक लेकर उसे लेने पहुंचा था।
दोनों दोस्त बाइक से घर जाने के लिए निकले ही थे कि रास्ते में विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिंटू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार अनिकेत यादव, निवासी पोस्टोवारी, थाना मोहनपुर भी घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सरैयाहाट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। दुर्घटना में शामिल दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया है। इधर, बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिंटू की मां ने बिलखते हुए बताया कि वह उनका इकलौता बेटा था। छठ पर्व को लेकर वह घर लौट रहा था। मां को क्या पता था कि जिस बेटे के आने का इंतजार वह बेसब्री से कर रही हैं, उससे अब कभी मुलाकात नहीं होगी। जिस आंगन में बेटे के स्वागत की तैयारी होनी थी, वहां अब उसकी अर्थी उठेगी। छठ महापर्व से पहले हुए इस हादसे ने एक परिवार की सारी खुशियां छीन लीं।













Leave a Reply