झाड़ग्राम। रेलवे नेटवर्क के जरिए अवैध रूप से शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने झाड़ग्राम रेलवे स्टेशन पर 120 लीटर अवैध देसी शराब जब्त की। इस कार्रवाई में जब्त शराब का अनुमानित मूल्य करीब 60 हजार रुपये बताया गया है। स्थानीय स्तर पर इस शराब को ‘चुल्लू‘ के नाम से जाना जाता है।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट झाड़ग्राम और जीआरपी झाड़ग्राम के अधिकारियों एवं जवानों ने संयुक्त रूप से विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान शाम 6:59 बजे ट्रेन संख्या 18034 घाटशिला-हावड़ा लोकल झाड़ग्राम स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर पहुंची। ट्रेन के कोच संख्या SE 258003 की जांच के दौरान यात्रियों की सीटों के नीचे छिपाकर रखे गए 10 संदिग्ध बैग मिले।
बैगों के संबंध में यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी उन पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद सभी बैग कोच से उतारकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
जीआरपी के एएसआई गौतम राय ने बैगों की तलाशी ली। तो इसमें दो-दो लीटर की 60 बोतल देसी शराब बरामद हुई। शराब की कुल मात्रा 120 लीटर आंकी गई, जिसका अनुमानित मूल्य 60 हजार रुपये बताया गया है।













Leave a Reply