गोपीकांदर (दुमका)। गोपीकांदर थाना क्षेत्र के गोपीकांदर बाजार से करीब एक महीने पहले लापता हुए नाबालिग लड़का और लड़की के वापस लौटने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल गर्म है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिगों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत बाल सुधार गृह भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, करीब एक माह पूर्व दोनों नाबालिग अपने-अपने घरों से अचानक कहीं चले गए थे। काफी खोजबीन के बाद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो नाबालिग लड़की के पिता ने गोपीकांदर थाना में लिखित आवेदन देकर बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
बताया जाता है कि 12 नवंबर को दोनों नाबालिग स्वयं ही वापस अपने घर लौट आए। इसके बाद गांव में ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों को समझा-बुझाकर अपने-अपने घर भेज दिया गया था।
इधर, दोनों के वापस लौटने की सूचना मिलते ही गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत ने मामले को गंभीरता से लिया और दोनों पक्षों के परिजनों को थाना बुलाया। थाना प्रभारी ने पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली और दोनों पक्षों को आवश्यक समझाइश दी। इसके बाद पुलिस ने आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों नाबालिगों को निरुद्ध कर बाल सुधार गृह भेज दिया।













Leave a Reply