सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ गया है। कपाली नगर परिषद कार्यालय के समीप कमारगोड़ा पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है, जिससे कपाली से कमारगोड़ा जाने वाला मार्ग बाधित हो गया है और लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है।
पुल के ऊपर पानी का बहाव तेज होने के बावजूद कुछ लोग बाइक और कार लेकर नदी पार करने का प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान कई लोगों की बाइक पानी के बीच में बंद हो जाने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कपाली नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपी किशन ने बताया कि लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिसके चलते सड़क पर पानी बह रहा है और आवागमन बाधित हुआ है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए नगर परिषद की ओर से पुल के दोनों तरफ बैरिकेडिंग लगाने की व्यवस्था की जा रही है।
वहीं, कपाली पुलिस भी मौके पर पहुंचकर लोगों को पानी के बीच से आवागमन करने से रोकने और सुरक्षित रखने में जुटी हुई है।
प्रशासन की ओर से नदी किनारे रहने वाले लोगों से विशेष अपील की गई है कि वे नदी के किनारे न जाएं और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में पूरी सावधानी बरतें।













Leave a Reply