देवघर। फर्जी जीएसटी अधिकारी बनाकर लूटपाट करने वाले एजेंट का जसीडीह पुलिस ने बुधवार को भंडाफोड़ किया है। बदमाशों ने बीते 8 अगस्त को देवघर में बड़ी वारदात को अंजाम दिया था और जसीडीह के दर्दमारा-टाभाघाट सड़क पर फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर राइस मिल के मालिक विक्रम चौधरी से 40.50 लाख रुपए लूट लिए थे। वारदात को देवघर के पुलिस कप्तान प्रवीण पुष्कर ने गंभीरता से लिया और एक एसआईटी गठित की। एसआईटी ने ह्यूमन और टेक्निकल इनपुट के आधार पर पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से लूटी रकम में से 4 लाख 30 हजार, वारदात में प्रयुक्त स्कार्पियो, पुलिस का लोगो वाला नंबर प्लेट, पुलिस स्टिक, मोबाइल और लैपटॉप बरामद किया।
क्या है घटनाएसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि वारदात में कुल 8 लोग शामिल थे, जिसमें राइस मिल का पुराना ड्राइवर और वर्तमान सेल्समैन भी है। ड्राइवर और सेल्समैन ने गैंग से मिलकर बदमाशों तक यह सूचना पहुंचाई कि राइस मिल का मालिक मोटी रकम लेकर जसीडीह रेलवे स्टेशन जाने को निकला है। तभी बदमाशों ने रास्ते में फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर राइस मिल के मालिक और उनके स्टाफ को जांच के नाम पर रोका और कैश लूट लिये। गिरफ्तार सारे बदमाश जमुई और बांका के रहने वाले हैं। एसपी ने बताया कि इसी गैग ने राजधनवार के एक ज्वेलरी शॉप में फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर डाका डाला था और सिमुलतला में जेवरात बंधकी रखने वाले महाजन से भी लूटपाट की थी। इस मामले मे कुल पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। जिसमें कुमोद पोद्दार, संजय कुमार सिंह, शिव शंकर कुमार, घनश्याम यादव और कैलाश पहाड़ी शामिल थे।













Leave a Reply