JHAHIN/2014/58773

श्री श्री नीलकंठेश्वर हनुमान मंदिर से 23 अगस्त को निकलेगी भव्य कावड़ यात्रा

कावड़ यात्रा
Spread the love

जमशेदपुर। सावन माह के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भक्ति एवं आराधना को समर्पित भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन आगामी 23 अगस्त 2026, रविवार को किया जाएगा। श्री श्री नीलकंठेश्वर हनुमान मंदिर, महाराजा अग्रसेन मार्ग, साकची एवं मारवाड़ी समाज, काशीडीह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में मारवाड़ी सम्मेलन की विभिन्न शाखाएं सहयोग कर रही है।

कावड़ यात्रा का शुभारंभ रविवार प्रातः 7 बजे स्वर्णरेखा नदी तट, मानगो से होगा। बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं श्रद्धालु स्वर्णरेखा नदी से पवित्र जल उठाकर कावड़ के साथ साकची स्थित श्री श्री नीलकंठेश्वर हनुमान मंदिर, महाराजा अग्रसेन मार्ग के लिए प्रस्थान करेंगे। श्रद्धालु भगवान शिव का पवित्र जल से जलाभिषेक करेंगे तथा मंदिर परिसर में आयोजित भव्य महाआरती में शामिल होंगे। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि कावड़ यात्रा में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कावड़ उठाने वाले भक्तों के लिए सहयोग राशि मात्र ₹101/- निर्धारित की गई है। कावड़ यात्रा में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालु निर्धारित सहयोग राशि देकर कूपन प्राप्त कर सकते हैं।

शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुटेंगे शिवभक्त

इस आयोजन में साकची-काशीडीह के साथ-साथ बिष्टुपुर, जुगसलाई, मानगो, गोलमुरी, सोनारी, भालूबासा, सीतारामडेरा, आदित्यपुर, गम्हरिया, कदमा, टेल्को, हल्दीपोखर, सुंदरनगर, जादूगोड़ा, बारीडीह एवं परसुडीह सहित जमशेदपुर एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है।

भक्ति के साथ सामाजिक एकता का संदेश

आयोजकों ने कहा कि कावड़ यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था को अभिव्यक्त करना ही नहीं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता, सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करना भी है। सावन के पावन महीने में भगवान शिव की आराधना के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों एवं क्षेत्रों को एक मंच पर लाने का यह प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *