नारायणी सेवा ट्रस्ट के सिंधारा महोत्सव में महिलाओं की उमड़ी भीड़
जमशेदपुर। शहर की धार्मिक एवं सामाजिक संस्था नारायणी सेवा ट्रस्ट की ओर से हरियाली तीज के पावन अवसर पर शनिवार 22 अगस्त को नारायणी धाम में राणी सती दादी जी का भव्य सिंधारा महोत्सव एवं दिव्य अभिषेक दो चरणों में आयोजित किया गया। इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण श्री राणी सती दादी जी का सवा लाख जावा फूलों से किया गया दिव्य अभिषेक रहा, जिससे पूरा मंदिर परिसर अलौकिक सुगंध और भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा। सोनारी स्थित सीएच एरिया के भूतनाथ मंदिर परिसर स्थित नारायणी धाम में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया, जिसमें महिलाओं की संख्या अधिक थी। हरियाली तीज के उपलक्ष्य में पहले चरण में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे भजनों की श्रृंखला और मंगल आरती के साथ हुई।

दूसरे चरण में संध्या 4 बजे से सिंधारा उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें विशेष रूप से सजाया गया झूला महोत्सव और महिलाओं के लिए मेहंदी कार्यक्रम मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर कोलकाता से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक संजय शर्मा एवं अन्नू शर्मा ने अपने मधुर भजनों की सुरम्य प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। कलाकारों ने फिल्मी गानों पर आधारित भजनों की शानदार प्रस्तुति दी। भजन गायकों ने दादी जी को हम सब सवा लाख फूल चढ़ाएगें…, फूलों सा चेहरा तेरा…, दादी के हाथा रच गी मतवाली मेहंदी…, झूले में झूले म्हारी दादी झुंझुनूंवाली.., दादी मां लगे है मुझको जान से प्यारी…, झुंझनु जाके मइया मेरी मौज हो गई…, सावन सुरंगो जोर को कोई झूले सती मां झूलो बुलायो है…, तेरा किसने किया सिंगार मावडी…, सिंधारौ करवाले दादी जी आयौ तीजा को त्योहार…, आदि भजनो की प्रस्तुति से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। इसे सफल बनाने में किरण कांवटिया, कृष्णा संघी, मीना सरायवाला, स्नेहा चंदूका, लता सरायवाला, रिंकी भालोटिया, नेहा सोंथालिया, हेमा मोदी आदि का योगदान रहा। श्री नारायणी सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष राजकुमार चंदूका, महासचिव राजकुमार संघी, ट्रस्टी कैलाश सरायवाला, ललित सरायवाला, विमल गुप्ता आदि ने बताया कि समाज में धार्मिक सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने और श्रद्धालुओं को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से इस दिव्य महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें शहर के कई गणमान्य व्यक्तियों और बड़ी संख्या में भक्तों ने हिस्सा लेकर दादी जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।













Leave a Reply