आरोप पूरी तरह निराधार है – कौशल कुमार,थाना प्रभारी तिरुलडीह
सरायकेला-खरसावां। तिरूलडीह सीरकाडीह के ग्राम प्रधान सह पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार साहू उर्फ माझी साव ने तिरूलडीह थाना पर अवैध बालू तस्करी कराने का गंभीर आरोप लगाया है। एक होटल में प्रेस वार्ता कर उन्होंने कहा कि तिरूलडीह थाना प्रभारी दिन-रात खुद गश्ती कर बालू लदे हाइवा को पार कराते हैं। तिरूलडीह क्षेत्र से अवैध रूप से बालू का खनन कर बंगाल सीमा पर ले जाकर डंप किया जा रहा है, लेकिन पुलिस बड़ी गाड़ियों को नहीं पकड़ती।
साहू ने आरोप लगाया कि जब ग्रामीणों या मीडिया का दबाव बनता है, तो दिखावे के लिए पीएम आवास या निजी घर के काम के लिए बालू ले जा रहे छोटे ट्रैक्टरों को पकड़कर मामला दर्ज कर दिया जाता है, जबकि असली बालू माफियाओं के हाइवा को खुलेआम छोड़ दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में खनन विभाग द्वारा 20 लाख सीएफटी बालू जब्त किया गया था। बाद में विभाग ने 1लाख सीएपटी जब्त बालू की नीलामी की, लेकिन उसी की आड़ में पूरे 20 लाख सीएपटी बालू को चोरी से बेच दिया गया। इसकी शिकायत करने के बाद भी आज तक ना तो कोई जांच हुई और ना ही कोई कार्रवाई।

आरोप निराधार है – थाना प्रभारी
वहीं तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार ने आईविजन को बताया कि ग्राम प्रधान अशोक साहू द्वारा जो आरोप लगाए गए हैं वो निराधार है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अशोक साहू भी बालू कारोबारी हैं। खनन विभाग द्वारा पिछले दिनों जब्त की गई 1लाख सीएफटी बालू की निलामी की गई थी। निलामी में जिस व्यक्ति ने बालू लिया था। उसने अपने जेसीबी और हाइवा से बालू का उठाव किया। जिससे साहू को आर्थिक नुकसान हुआ। यही कारण है कि अशोक साहू द्वारा थाना प्रभारी पर आरोप लगाया गया है।
वहीं अशोक साहू ने पूरे मामले की शिकायत वरीय पुलिस पदाधिकारियों और जिला खनन विभाग से शिकायत करने की बात कही है।













Leave a Reply