जमशेदपुर। गोविंदपुर अन्ना चौक के समीप जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आया। सोमवार सुबह सड़क पर हुई एक दुर्घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह के नेतृत्व में अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पौधे लगाकर प्रशासन और संबंधित कंपनियों का ध्यान क्षेत्र की बदहाल सड़क व्यवस्था की ओर आकर्षित किया। गड्ढों में पौधे लगाकर ग्रामीणों ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि अब गड्ढों में सड़क के बजाय पौधे लगाए जा सकते हैं।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि अन्ना चौक और आसपास की सड़कें लंबे समय से जर्जर स्थिति में हैं। सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। इससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और अन्य वाहनों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जर्जर सड़क और जलजमाव के कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
मौके पर जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने प्रशासन और औद्योगिक क्षेत्र में संचालित कंपनियों पर सड़क की बदहाली को लेकर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जेमको चौक से अन्ना चौक तक कई बड़ी कंपनियां स्थित हैं और इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों तथा वाहनों का आवागमन होता है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की समस्या के समाधान को लेकर गंभीर पहल नहीं की जा रही है।
डॉ. सिंह ने कहा कि खराब सड़क और जलजमाव के कारण आम लोगों को रोजाना जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं हो पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने प्रशासन और संबंधित कंपनियों से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए उचित जलनिकासी व्यवस्था करने की मांग की।
डॉ. परितोष सिंह ने कहा कि जरूरत पड़ने पर औद्योगिक क्षेत्र की आर्थिक नाकेबंदी जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय लोगों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सड़क की समस्या का स्थायी समाधान होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।













Leave a Reply