JHAHIN/2014/58773

डुमरिया को मिली बड़ी सौगात, 30 बेड के अस्पताल का मंत्री ने किया उदघाटन

Spread the love

जमशेदपुर। पोटका विधानसभा क्षेत्र के डुमरिया प्रखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया।

डुमरिया प्रखंड के भालुकपातड़ा मौजा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 30 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उद्घाटन किया। अस्पताल के शुरू होने से डुमरिया और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को इलाज के लिए दूर जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौके पर पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झारखंड गठन के करीब 26 साल बाद डुमरिया में 30 बेड का आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र शुरू हुआ है। लंबे समय से क्षेत्र के लोग बेहतर अस्पताल की मांग कर रहे थे। अब पोटका विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

नवनिर्मित अस्पताल में 30 बेड के अलावा रक्त जांच, गैर-संचारी रोगों से संबंधित सेवाएं और किशोर स्वास्थ्य परामर्श केंद्र की सुविधा उपलब्ध रहेगी। अस्पताल को 24 घंटे संचालित करने की व्यवस्था की गई है। ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के माध्यम से टीबी, मलेरिया, फाइलेरिया सहित कई जरूरी जांच की सुविधा भी ग्रामीणों को मिल सकेगी।

विधायक संजीव सरदार ने अस्पताल में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और जरूरी उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग स्वास्थ्य मंत्री के सामने रखी। उन्होंने कहा कि अस्पताल का लाभ तभी पूरी तरह लोगों तक पहुंचेगा, जब यहां सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहेंगे।

वहीं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। आने वाले दिनों में झारखंड को स्वास्थ्य के क्षेत्र में और कई सौगातें मिलने वाली हैं।

उद्घाटन समारोह के दौरान अस्पताल परिसर में पौधरोपण भी किया गया। मंत्री, विधायक और अन्य अतिथियों ने पौधे लगाकर स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मौके पर घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व विधायक प्रदीप बलमुचू, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *