JHAHIN/2014/58773

खड़गपुर डीआरएम ने किया हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ

Spread the love

खड़गपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल में सोमवार को हिंदी पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ हुआ। हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और राजभाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 14 से 28 सितंबर तक मंडल में विभिन्न प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडेय ने हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रेरित किया।

पखवाड़े के दौरान रेलकर्मियों के लिए हिंदी सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, वाक् प्रतियोगिता, निबंध लेखन, आशुभाषण तथा टिप्पणी-प्रारूप लेखन सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कर्मचारियों के बच्चों के लिए भी ‘मोबाइल की दुनिया और बदलता बचपन’ विषय पर विशेष प्रतियोगिता होगी।

हिंदी निबंध प्रतियोगिता के लिए इस वर्ष ‘विकसित भारत के निर्माण में भारतीय रेल की भूमिका’, ‘कार्यस्थल पर तकनीक तथा मानवीय संवेदना’, ‘एक राष्ट्र, अनेक भाषाएं-हिंदी की भूमिका’ और ‘डिजिटल युग में हिंदी का बदलता स्वरूप’ जैसे समसामयिक विषय रखे गए हैं।

हिंदी पखवाड़े का समापन 28 सितंबर को समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के साथ होगा। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। मंडल का दावा है कि आयोजन का उद्देश्य कार्यालयीन कामकाज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ रेलकर्मियों में हिंदी के प्रति रुचि और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *