जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र में मो. निजाम की हत्या की कथित साजिश का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर आजाद खटाल मैदान स्थित झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त दो लोहे के भारी धारदार हथियार और एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया है। मामले में हथियार बरामद होने के बाद आर्म्स एक्ट के तहत अलग से प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को पहलवानडेरा, जुगसलाई निवासी मो. निजाम ने पुलिस को सूचना दी कि घाघीडीह जेल में बंद मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ अपने गिरोह के अन्य सदस्यों की मदद से उसकी हत्या कराने की लगातार साजिश रच रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारियों की टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस के अनुसार, मो. आयान बच्चा और अलटु बच्चा ने मो. निजाम की रेकी कर लोहे के भारी धारदार हथियार से उसकी हत्या का प्रयास किया था। हालांकि, मो. निजाम किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मो. निजाम की हत्या की साजिश के मामले में मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ पहले भी अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस के मुताबिक, पूर्व में उसे गिरोह के नौ अन्य सदस्यों के साथ दो पिस्टल और गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया था। वर्तमान में वह घाघीडीह जेल में बंद है। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।







Leave a Reply