पुलिस ने सोनारी स्थित न्यूज़ पोर्टल के कार्यालय को खंगाला, जांच के दौरान मिले अहम साक्ष्य
जमशेदपुर। शहर के चर्चित निखार हत्याकांड की जांच के सिलसिले में पुलिस ने सोमवार को मुख्य अभियुक्त बताए जा रहे अशोक सिंह राघव के सोनारी स्थित आवास में चल रहे न्यूज़ पोर्टल के कार्यालय और आवास पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम शामिल रही।
जानकारी के अनुसार, चांडिल, चौका, सोनारी और बिष्टुपुर थाना की पुलिस ने संयुक्त रुप से यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने कार्यालय और आवास में मौजूद विभिन्न स्थानों की जांच की तथा मामले से जुड़े संभावित दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों को खंगाला।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान जांच टीम के हाथ मामले से जुड़े कुछ ऐसे साक्ष्य लगे हैं, जिन्हें निखार हत्याकांड की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने बरामदगी या मिले साक्ष्यों से संबंधित विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और साक्ष्यों को सार्वजनिक करने से आगे की कार्रवाई प्रभावित हो सकती है। इसी कारण छापेमारी के दौरान मिले साक्ष्यों और जांच के अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पुलिस ने फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी देने से परहेज किया है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई हत्याकांड की जांच प्रक्रिया का हिस्सा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को जोड़कर मामले की पड़ताल कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी में है। छापेमारी के बाद पुलिस टीम अपने साथ जांच से संबंधित आवश्यक सामग्री ले गई।









Leave a Reply