जमशेदपुर। शहर में अवैध जुआ, लॉटरी और सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में पुलिस ने अवैध जुआ खिलाने के आरोप में एक व्यक्ति को पकड़ा, जबकि साकची थाना क्षेत्र के बिरसा मुंडा टेंपो स्टैंड और मुर्गी लाइन इलाके में अवैध लॉटरी और सट्टा संचालन के आरोप में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने दोनों मामलों में नकदी समेत जुआ और लॉटरी से जुड़े कई सामान बरामद किए हैं।
छायानगर में जुआ अड्डे पर छापेमारी
पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने मौके से राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1,820 रुपये नकद, एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन, पॉकेट डायरी, नोटबुक तथा जुआ-लॉटरी से संबंधित पेपर चार्ट बरामद किए गए।
वहीं साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसा मुंडा टेंपो स्टैंड और मुर्गी लाइन इलाके में छापेमारी के दौरान पुलिस ने नीरज कुमार सिंह, दिलीप पासवान और अरविंद कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से दो लॉटरी बोर्ड, 2,510 रुपये नकद, अलग-अलग नंबर लिखी कॉपियां, एक रियलमी मोबाइल फोन तथा गोवा स्टार एप से संबंधित स्क्रीनशॉट की हार्ड कॉपी बरामद की गई।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध जुआ, लॉटरी और सट्टा कारोबार के पीछे और कौन-कौन लोग सक्रिय हैं।















Leave a Reply