JHAHIN/2014/58773

झाड़ग्राम के शिक्षक सुब्रत महापात्र को मिलेगा प्रतिष्ठित द्रोणाचार्य पुरस्कार

Spread the love

झाड़ग्राम। झाड़ग्राम जिले के सुदूरवर्ती बेलियाबेड़ा के.सी.एम. हाई स्कूल के सहायक प्रधान शिक्षक सुब्रत महापात्र को टेक्नो इंडिया ग्रुप के प्रतिष्ठित द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

दो दशक से अधिक समय से वे इस विद्यालय में भूगोल विषय के शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षण कार्य के साथ-साथ वे पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और राज्य बाल शिक्षा मिशन के रिसोर्स पर्सन के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को पढ़ाने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण देने के अलावा वे जिला प्रशासन की ओर से राष्ट्रीय सेवा योजना, बाल विवाह रोकथाम, पॉक्सो कानून, आपदा प्रबंधन और विद्यालय सुरक्षा जैसे विषयों पर मास्टर ट्रेनर के रूप में भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

समाजसेवा के क्षेत्र में भी सुब्रत महापात्र का योगदान उल्लेखनीय है। बेलियाबेड़ा में सरकारी कॉलेज की स्थापना में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवाओं को मोबाइल फोन की अत्यधिक लत से दूर रखने और उनमें पढ़ने की आदत विकसित करने के उद्देश्य से उन्होंने अपने करीब 50 हजार रुपये खर्च कर ‘शिक्षामित्र मोबाइल लाइब्रेरी’ की शुरुआत की।

अब तक वे 13 बाल विवाह रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से उन्होंने ‘आगामी’ नामक नुक्कड़ नाटक भी तैयार किया है। इसके अलावा उन्होंने एक पूर्णतः दृष्टिहीन छात्रा की उच्च शिक्षा की पूरी जिम्मेदारी स्वयं उठाई है।

‘कोई भी काम छोटा नहीं होता’—यह संदेश विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए वे कभी-कभी स्वयं स्कूल के शौचालय की सफाई करते हैं और स्कूल की घंटी बजाने का काम भी करते हैं। विद्यालय की छुट्टी के बाद वे बैनर और पोस्टर लेकर आसपास के गांवों में जाकर थैलेसीमिया जागरूकता तथा अवैध शराब के दुष्प्रभावों के खिलाफ प्रचार अभियान चलाते हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए 2023 में पश्चिम बंगाल सरकार ने उन्हें ‘शिक्षारत्न’ सम्मान से सम्मानित किया था। इसके अलावा उन्हें प्रसिद्ध साहित्यकार शीर्षेंदु मुखोपाध्याय के हाथों विवेक सम्मान, साहित्यकार बिनोद घोषाल के हाथों चुनी कोटल समाजकृति सम्मान तथा डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम टीचिंग एक्सीलेंस अवॉर्ड सहित कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। अब टेक्नो इंडिया ग्रुप के द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित होने के साथ ही उनके उपलब्धियों के मुकुट में एक और नया सितारा जुड़ गया है। यह सम्मान न केवल सुब्रत महापात्र के लिए, बल्कि पूरे झाड़ग्राम जिले के लिए भी गौरव का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!