खड़गपुर। रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त जांच के दौरान करीब 45 लाख रुपये मूल्य की नकदी और कीमती सामान बरामद किए जाने से हड़कंप मच गया। संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या 5/6 पर संदिग्ध स्थिति में तीन बैग लेकर बैठे एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। संतोषजनक जवाब और सामान के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।यह कार्रवाई 23 सितंबर को सुबह करीब 10.15 बजे शुरू हुई विशेष जांच के दौरान हुई। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अनादी विश्वास (53), निवासी बांसद्रोणी, कोलकाता के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह संबलपुर से हावड़ा जा रहा था और बैग उसकी भांजी ने सुरक्षित रखने के लिए दिए थे। हालांकि, वह बैग में रखे सामान के संबंध में संतोषजनक जानकारी या वैध अधिकार-पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।गवाहों और एक स्वर्णकार की मौजूदगी में बैगों की तलाशी ली गई और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी की गई। तलाशी में 31.10 लाख रुपये नकद, करीब 98.540 ग्राम सोने के आठ आभूषण, करीब 300 मिलीग्राम के तीन हीरे, दो नकली सोने की चेन और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।इसके अलावा विभिन्न लोगों के नाम से मेडिकल रिकॉर्ड, पैन कार्ड, एसबीआई पासबुक, वाहन पंजीकरण कागजात, खरीद-बिक्री रजिस्टर, मूल बिक्री विलेख और बीमा संबंधी दस्तावेज भी मिले।पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी और अन्य कीमती सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये है। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
खड़गपुर स्टेशन पर 45 लाख के नकदी-आभूषण बरामद, एक गिरफ्तार















Leave a Reply