झाड़ग्राम। दूर-दराज से स्कूल पहुंचने वाले विद्यार्थियों के लिए मंगलवार को राहत की पहल हुई। पश्चिम बंगाल सरकार की ‘सारथी’ योजना के तहत झाड़ग्राम में 79 छात्र-छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। राज्यभर में इस अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हावड़ा जिले के ब्यांतरा मधुसूदन पाल चौधरी उच्च विद्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की।
झाड़ग्राम जिलाधिकारी कार्यालय के सुवर्णरेखा सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में अशोक विद्यापीठ उच्च विद्यालय के विद्यार्थियों को साइकिलें सौंपी गईं। मौके पर जिलाधिकारी आकांक्षा भास्कर, अतिरिक्त जिलाधिकारी (भूमि) लक्ष्मणा पेरुमाल झाड़ग्राम विधानसभा क्षेत्र के विधायक लक्ष्मीकांत साउ, अरिजीत दास समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
जिला मुख्यालय के साथ जिले के सभी आठ प्रखंडों के विभिन्न विद्यालयों में भी निर्धारित लक्ष्य के अनुसार विद्यार्थियों के बीच साइकिल बांटी गई। प्रशासन के अनुसार योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों के स्कूल आने-जाने को अधिक आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है। खासकर दूरदराज के इलाकों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए नियमित स्कूल पहुंचने में यह पहल उपयोगी साबित हो सकती है। जिला प्रशासन ने निर्धारित समय-सारणी के अनुसार वितरण प्रक्रिया पूरी की।














Leave a Reply