आदित्यपुर। नगर निगम क्षेत्र स्थित आदित्यपुर बस्ती के सी एवं डी रोड में लंबे समय से चली आ रही पेयजल की गंभीर समस्या का आखिरकार समाधान हो गया है।
स्थानीय लोग पिछले काफी समय से पाइपलाइन जलापूर्ति न होने से परेशान थे। इस समस्या को लेकर बस्तीवासियों ने नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह से गुहार लगाई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने जलापूर्ति कार्य कर रही जिंदल एजेंसी को कड़े निर्देश दिए। लगातार दबाव और आवश्यक दिशा-निर्देशों के बाद एजेंसी द्वारा अलग से कनेक्शन कर पाइपलाइन जलापूर्ति शुरू कराई गई, जिससे बस्ती के घरों तक पानी पहुंचना शुरू हो गया है।
पेयजल आपूर्ति बहाल होने से उत्साहित वार्ड के प्रबुद्ध नागरिक एवं बुजुर्ग मंगलवार को डिप्टी मेयर कार्यालय पहुंचे। स्थानीय निवासी सपन पाल के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने डिप्टी मेयर अंकुर सिंह का गर्मजोशी से स्वागत व अभिनंदन किया। नागरिकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किए और मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराते हुए उनका आभार प्रकट किया। स्थानीय लोगों का कहना था कि वर्षों से लंबित इस मांग को पूरा करवाकर डिप्टी मेयर ने बड़ी राहत दी है।















Leave a Reply