JHAHIN/2014/58773

दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस-पूजा समितियों की बैठक, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर जोर

Spread the love

जमशेदपुर। दुर्गा पूजा को लेकर जमशेदपुर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय में सिटी एसपी ललित मीणा की अध्यक्षता में जमशेदपुर केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष अंचितम गुप्ता समेत समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में विधि-व्यवस्था, पूजा पंडालों की सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और विसर्जन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विधि-व्यवस्था डीएसपी सुमित कुमार, ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि पिछले वर्ष जमशेदपुर केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति से कुल 347 पूजा समितियां जुड़ी थीं, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 351 पूजा समितियों तक पहुंच गई है। पूजा समितियों की संख्या बढ़ने के साथ ही पुलिस प्रशासन के सामने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।

बैठक में शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। भीड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मौके पर सिटी एसपी ने कहा कि दुर्गा पूजा का आयोजन 11 अक्टूबर से शुरू होगा। हालांकि, पूजा के दौरान विशेष रूप से षष्ठी से दशमी तक शहर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना रहती है। इस दौरान देर रात तक लोग पूजा पंडालों और बाजार क्षेत्रों में घूमने निकलते हैं। इसे देखते हुए पुलिस की ओर से अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!