झाड़ग्राम। झाड़ग्राम के बेलपहाड़ी स्थित घाघरा जलप्रपात में शनिवार दोपहर बेटे को बचाने के लिए पानी में उतरी एक महिला तेज बहाव में बहकर लापता हो गई। हालांकि ग्रामीणों ने उसके सात वर्षीय बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। महिला की तलाश में पुलिस और स्थानीय लोगों की ओर से अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार, कोलकाता के बारुईपुर से एक दंपती अपने सात वर्षीय बेटे के साथ शनिवार को बेलपहाड़ी के घाघरा जलप्रपात घूमने आया था। दोपहर करीब 1.40 बजे उनका बेटा पानी में गिर गया। बेटे को डूबता देख उसकी मां ने उसे बचाने के लिए तत्काल पानी में छलांग लगा दी। इस दौरान महिला पानी की तेज धारा में बह गई और देखते ही देखते लापता हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और कुछ ही देर में बच्चे को पानी से बाहर निकाल लिया। सूचना मिलने पर बेलपहाड़ी थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर महिला की तलाश शुरू की। स्थानीय लोग भी खोज अभियान में जुटे हैं। हालांकि अब तक महिला का कोई सुराग नहीं मिला है।
पुलिस की निगरानी में जलप्रपात के आसपास के हिस्सों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।







Leave a Reply