JHAHIN/2014/58773

रेलवे ट्रैक पर पुआल जलाकर पैसेंजर ट्रेन रोकने की कोशिश, चालक की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

Spread the love

टाटानगर-बादामपहाड़ रेलखंड पर सिदिरसाई हॉल्ट के पास हुई घटना, ट्रैक पर आग की लपटें देख लोको पायलट ने रोकी ट्रेन; करीब 10 मिनट तक बाधित रहा परिचालन

जमशेदपुर। टाटानगर-बादामपहाड़ रेलखंड पर रेलवे ट्रैक के बीच पुआल जलाकर पैसेंजर ट्रेन को रोकने की गंभीर घटना सामने आई है। सिदिरसाई हॉल्ट से पहले धरुवालुपुंग-महालिडीपा एवं दामूडीह रेलवे फाटक के पास शरारती तत्वों ने रेलवे ट्रैक के बीच और उसके आसपास पुआल में आग लगा दी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि सामने से आ रही पैसेंजर ट्रेन के लोको पायलट ने खतरे को भांपते हुए तत्काल ट्रेन रोक दी। चालक की सूझबूझ और सतर्कता से संभावित रेल हादसा टल गया। इस घटना के कारण ट्रेन करीब 10 मिनट तक मौके पर खड़ी रही।

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 68135 टाटानगर-बादामपहाड़ रेलखंड पर अपने निर्धारित मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक के बीच आग की तेज लपटें दिखाई दीं। ट्रैक पर आग जलती देख लोको पायलट ने बिना देर किए इमरजेंसी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन रोक दी। ट्रेन रुकते ही आग लगाने वाले शरारती तत्व मौके से फरार हो गये।

 यात्रियों ने उतरकर बुझाई आग

ट्रेन रुकने के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इसके बाद कुछ यात्री ट्रेन से नीचे उतरे और रेलवे ट्रैक पर जल रही आग को बुझाने में जुट गये। आग की लपटें तेज होने के कारण उसे पूरी तरह बुझाने में करीब 10 मिनट का समय लगा। आग बुझने और ट्रैक के सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद लोको पायलट ने ट्रेन को आगे बढ़ाया। इसके बाद पैसेंजर ट्रेन अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गई।

इस संबंध में टाटानगर एरिया मैनेजर नीतीश कुमार ने बताया कि कुछ शरारती तत्वों द्वारा रेलवे ट्रैक पर पुआल जलाकर आगजनी की गई थी। उसी दौरान रेलखंड पर लोकल पैसेंजर ट्रेन आ रही थी। लोको पायलट की नजर जब रेलवे ट्रैक पर जलती आग पर पड़ी, तो उन्होंने तत्काल ट्रेन रोक दी। इसके बाद रेलवे लाइन से आग को हटाया गया और स्थिति सामान्य होने पर ट्रेन को उसके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

रेलवे ट्रैक पर इस तरह आग लगाना यात्रियों की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ है। यदि लोको पायलट समय रहते आग को नहीं देख पाते और ट्रेन नहीं रोकते, तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, रेलवे ट्रैक पर आग लगाने वाले शरारती तत्वों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। रेलवे परिचालन वाले क्षेत्र में इस तरह की हरकत न केवल रेल संपत्ति को नुकसान पहुंचा सकती है, बल्कि सैकड़ों यात्रियों की जान भी खतरे में डाल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!