रांची। सुदूर पूर्व एशियाई देश वियतनाम में एक सड़क दुर्घटना में अपनी जान गंवाने वाले रांची के कैलाश नगर निवासी होनहार योग प्रशिक्षक राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर आज (4 अक्टूबर) सुबह विमान से रांची लाया गया। शव के घर पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विशेष निर्देश और राज्य सरकार के प्रयासों से ही शव को इतनी जल्दी स्वदेश वापस लाना संभव हो सका है।
वियतनाम में हुआ था भीषण हादसा
रांची के कैलाश नगर का रहने वाला राजा कुमार वर्मा वियतनाम में रहकर बतौर योग प्रशिक्षक (Yoga Trainer) अपनी सेवाएं दे रहा था। पिछले दिनों वहां एक सड़क दुर्घटना में उसकी असामयिक और दर्दनाक मौत हो गई थी। इस विदेशी भूमि पर हुए हादसे के बाद पार्थिव शरीर को झारखंड वापस लाने में तकनीकी और कूटनीतिक कारणों से भारी अड़चनें आ रही थीं। व्यथित परिजनों ने राज्य सरकार से शव को वापस मंगाने की गुहार लगाई थी।
मुख्यमंत्री का त्वरित एक्शन और ₹5 लाख की सहायता
परिजनों की इस मार्मिक अपील पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तुरंत संज्ञान लिया और प्रवासी नियंत्रण कक्ष व श्रम विभाग को कूटनीतिक चैनलों के माध्यम से पार्थिव शरीर को सकुशल रांची लाने का जिम्मा सौंपा। शव के रांची पहुंचते ही मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रम विभाग ने तत्परता दिखाई है।
‘झारखंड राज्य प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना’ के तहत मृतक राजा कुमार वर्मा के आश्रितों को ₹5 लाख की वित्तीय सहायता अनुदान राशि मुहैया कराई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार को संबल देने के लिए यह सहायता सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की जा रही है।











Leave a Reply