JHAHIN/2014/58773

टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का एजीएम मनीष जैन ने लिया जायजा

Spread the love

दिसंबर 2028 तक पुनर्विकास पूरा करने का लक्ष्य, वंदे भारत कोचिंग डिपो और थर्ड लाइन योजना की भी समीक्षा

जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के एजीएम (उप महाप्रबंधक) मनीष जैन सोमवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचे और स्टेशन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर चल रहे विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं की प्रगति का जायजा लिया। उनके साथ चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

एजीएम ने टाटानगर स्टेशन के मुख्य परिसर के अलावा सेकंड एंट्री की ओर स्थित स्टेशन परिसर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य, यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था और भविष्य की प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने अधिकारियों से यह भी जाना कि चल रहे कार्यों को और बेहतर तरीके से कैसे पूरा किया जा सकता है, ताकि निर्माण के साथ यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

दिसंबर 2028 तक पूरा होगा स्टेशन का पुनर्विकास

निरीक्षण के दौरान टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। रेलवे ने स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अधिकारियों ने एजीएम को अब तक हुए कार्यों, निर्माण की वर्तमान स्थिति और आगामी चरणों की विस्तृत जानकारी दी।

एजीएम ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। साथ ही यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कार्यों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

वंदे भारत कोचिंग डिपो और थर्ड लाइन पर चर्चा

दौरे के दौरान टाटानगर में प्रस्तावित वंदे भारत कोचिंग डिपो की योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने प्रस्तावित डिपो से संबंधित तैयारियों और योजना की वर्तमान स्थिति से एजीएम को अवगत कराया।

इसके अलावा टाटानगर-आदित्यपुर के बीच प्रस्तावित थर्ड लाइन को लेकर भी चर्चा हुई। इस रेल परियोजना को जल्द शुरू करने की दिशा में आवश्यक तैयारियों और आगे की कार्ययोजना पर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया। बैठक में रेलवे के अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। वहीं दिसंबर 2026 तक खड़गपुर, आगरा और रांची डिवीजन में एनआई (नॉन-इंटरलॉकिंग) से संबंधित कार्यों को पूरा करने के लक्ष्य को लेकर भी जानकारी साझा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!