JHAHIN/2014/58773

बहरागोड़ा में स्वर्णरेखा नदी से तीव्र कटाव पर सांसद के निर्देश पर लघु सिंचाई विभाग का निरीक्षण, बोल्डर पिचिंग का बनेगा प्रस्ताव

Spread the love

बहरागोड़ा(हिमांशु करण)।  सांसद विद्युत वरण महतो के निर्देश पर सांसद प्रतिनिधि कुमार गौरव पुष्टि के नेतृत्व में मंगलवार को लघु सिंचाई विभाग की एक टीम ने बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत तालटिकरी, महुलडांगरी और नटा पाल क्षेत्रों में स्वर्णरेखा नदी के किनारे हो रहे भीषण मिट्टी कटाव का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय किसानों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि हर वर्ष बरसात के मौसम में नदी लगभग 20 से 25 फीट तक उपजाऊ कृषि भूमि को अपने में समा लेती है, जिससे लगभग 3 किलोमीटर के दायरे में खेती योग्य जमीन तेजी से घट रही है और किसान गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। मौके पर मौजूद कनीय अभियंता प्रशांत कुमार ने कटाव स्थल का मापन किया और किसानों की मांग पर आश्वासन दिया कि कटाव रोकने के लिए बोल्डर पिचिंग (बोल्डर केटिंग) का एक ठोस प्रस्ताव (प्रपोजल) तैयार कर शीघ्र ही विभाग को सौंपा जाएगा। निरीक्षण के दौरान सांसद विद्युत वरण महतो ने दूरभाष के माध्यम से कनीय अभियंता से स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि चूंकि खेती ही यहां के किसानों की आजीविका का मुख्य साधन है, इसलिए विभागीय स्तर पर त्वरित पहल करते हुए अविलंब प्रस्ताव भेजा जाए। इसके अलावा, टीम ने किसानों द्वारा फसलों को बाजार तक ले जाने वाली जर्जर सड़क का भी जायजा लिया और उसके जीर्णोद्धार के लिए उचित विभागीय कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!