JHAHIN/2014/58773

40 वर्षों से जमे दुकानदारों को मिला नोटिस, सीएम से लगाई गुहार

Spread the love

आदित्यपुर। आशियाना ट्रेड सेंटर के सामने खाली जमीन पर पिछले 40 वर्षों से रोजी-रोटी चला रहे छोटे दुकानदारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। अंचल अधिकारी द्वारा अतिक्रमण हटाने से संबंधित नोटिस जारी किए जाने के बाद दुकानदारों में गहरा आक्रोश और भय का माहौल है।

दुकानदार राज धीवर ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि वे लोग तब से यहां दुकानदारी कर रहे हैं जब आशियाना बिल्डिंग बननी शुरू हुई थी। उस समय से लेकर अब तक लगातार उन्हें आश्वासन दिया जाता रहा कि दुकानदारों को उजाड़ने से पहले पुनर्वासित किया जाएगा और पक्की दुकानें आवंटित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने भी भरोसा दिलाया था कि व्यवस्था होने के बाद ही जमीन खाली कराई जाएगी। परंतु, हाल ही में प्रशासन ने अचानक घेराबंदी शुरू कर दी और खाली करने का नोटिस थमा दिया। इससे कई परिवारों के सामने भुखमरी की नौबत आ गई है।

कार्रवाई के विरोध में समस्त पीड़ित दुकानदार संघ ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और आदित्यपुर नगर निगम के महापौर को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है। दुकानदारों ने स्पष्ट किया है कि वे विकास या प्रशासनिक कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन दशकों से काबिज इन दुकानदारों को हटाने से पहले उचित वैकल्पिक व्यवस्था और स्थान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने मांग की है कि जब तक पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक बलपूर्वक बेदखली की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!