रामगढ़:झारखंड के रामगढ़-रांची फोरलेन मार्ग पर स्थित कुख्यात चुटूपालू घाटी में कल देर रात एक बार फिर रफ्तार ने कहर बरपाया है। रांची-पटना मुख्य मार्ग के रामगढ़-रांची लेन में हुए एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस भीषण टक्कर के बाद इलाके में कोहराम मच गया है।
रांची से हजारीबाग लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, हजारीबाग का रहने वाला एक परिवार बलेनो कार में सवार होकर रांची से अपने घर लौट रहा था। रविवार रात करीब 10 बजे जैसे ही उनकी कार चुटूपालू घाटी के खतरनाक ढलान और तीखे मोड़ (गड़के मोड़) के समीप पहुँची, विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। कंटेनर ने कार को इतनी जोरदार टक्कर मारी की कार पूरी तरह उसके नीचे दब गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
दो घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, मची चीख-पुकार
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और एनएचएआई (NHAI) की रेस्क्यू टीम तुरंत क्रेन लेकर मौके पर पहुँची। कार के भीतर सभी पांचों लोग बुरी तरह दबे हुए थे। पुलिस और स्थानीय लोगों को क्रेन की मदद से गाड़ी के मलबे को काटकर घायलों को बाहर निकालने में करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
मृतकों में 70 वर्षीय बुजुर्ग भी शामिल
मलबे से निकालकर सभी को तुरंत रामगढ़ सदर अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने एक महिला और एक 70 वर्षीय बुजुर्ग समेत तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल रीना चक्रवर्ती समेत दो लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रांची स्थित रिम्स (RIMS) रेफर किया गया है। दुर्घटना के बाद कंटेनर भी बीच सड़क पर पलट गया, जिससे रांची-पटना हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब तीन घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
लगातार हो रहे हादसों से बना है ‘ब्लैक स्पॉट‘
चुटूपालू घाटी अपने अत्यधिक ढलान के कारण हादसों के लिए कुख्यात है, जिसे स्थानीय लोग ‘मौत की घाटी’ भी कहते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, भारी वाहनों द्वारा ढलान पर बार-बार ब्रेक लगाने से ब्रेक फेल होने की संभावना बढ़ जाती है। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करा दिया है।
















Leave a Reply