JHAHIN/2014/58773

गोड्डा: 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आने से ससुर-बहू की मौके पर मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का लगा आरोप

Spread the love

अमरपुर पंचायत के लालडंगाल गांव में धान के खेत में गिरा था हाईटेंशन तार, बारिश से फैला करंट

गोड्डा। झारखंड के गोड्डा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सदर प्रखंड की अमरपुर पंचायत के लालडंगाल गांव में शुक्रवार सुबह हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान 74 वर्षीय कन्हाई मंडल और उनकी 36 वर्षीय बहू पुतली देवी के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में ससुर-बहू थे।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, कन्हाई मंडल और पुतली देवी शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे अपने धान के खेत में बकरी चराने गए थे। खेत में 11,000 वोल्ट का हाईटेंशन तार पहले से टूटकर गिरा हुआ था। चक्रवात अर्णब के प्रभाव से हो रही बारिश के कारण खेत में पानी भरा था, जिससे करंट पूरे इलाके में फैल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बकरी पकड़ने के दौरान दोनों नंगे पांव करंट की चपेट में आ गए। 11 हजार वोल्ट का तेज झटका लगने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह हादसा गांव के बहियार और आर्य समाज मंदिर के पास हुआ।

बिजली विभाग की लापरवाही

स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि तार गिरने की सूचना पहले ही विभाग को दी गई थी, लेकिन समय पर ठीक नहीं किया गया।

नियम के मुताबिक, हाईटेंशन तार के जमीन पर गिरते ही या किसी के संपर्क में आते ही ब्रेकर ऑटोमैटिक ट्रिप हो जाना चाहिए, लेकिन इस मामले में 11 हजार वोल्ट का ब्रेकर ट्रिप नहीं हुआ। विभागीय अधिकारियों ने भी माना है कि तकनीकी कारणों से ब्रेकर ट्रिप नहीं कर पाया और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

ग्रामीणों का विरोध, मुआवजे पर माने

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में प्रशासन द्वारा मुआवजे का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेजा गया।

बिजली विभाग ने कहा है कि सरकारी प्रावधान के अनुसार पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!