सरायकेला-खरसावां। कुचाई थाना क्षेत्र के जंबरो गांव में 47 वर्षीय आदिवासी महिला की नृशंस हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान विश्वासी सोय के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार (11 नवंबर) की शाम गांव में हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। मृतका के परिजनों के अनुसार विश्वासी सोय प्रतियोगिता स्थल पर हड़िया बेचने गई थीं। देर रात तक घर नहीं लौटने पर पति निर्मल सोय ने तलाश शुरू की तो घर के समीप ही उनका शव मिला।
परिजनों के बयान पर पुलिस ने गांव के ही 54 वर्षीय आरोपी पैलेस मुंडा को हिरासत में लिया है। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
कुचाई थाना प्रभारी ने महिला की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की पुष्टि की है। हत्या के बाद शव के साथ बर्बरता को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है और सभी बिंदुओं पर जांच की बात कही है।
घटना की आदिवासी संगठनों ने कड़ी निंदा की है। राष्ट्रीय कोल सेना के अध्यक्ष विष्णु बानरा ने मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर दोषी को कठोर सजा देने की मांग की है।













Leave a Reply