आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतवाहिनी जमालपुर में बीते 9 नवंबर को हुए सोनू कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महज सिगरेट मांगने को लेकर हुए विवाद में दोस्त ने ही अपने दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के चार दिन बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी विशाल कुमार सिंह (26) को शुक्रवार को सापड़ा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
आज आदित्यपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज ने बताया कि मृतक सोनू कुमार और आरोपी विशाल कुमार सिंह के बीच पिछले कुछ महीनों से गहरी दोस्ती थी। 9 नवंबर की शाम करीब 7:15 बजे दोनों एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान सोनू द्वारा सिगरेट मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर विशाल ने अपनी कमर में रखी पिस्टल निकालकर सोनू को गोली मार दी। गोली लगने से सोनू की मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी रात डिमना चौक से बस पकड़कर बिहार के शेरघाटी फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। शुक्रवार को शेरघाटी से वापस लौटने के दौरान पुलिस ने सापड़ा पुल के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।













Leave a Reply