खड़गपुर : यात्रियों के सामान की चोरी और यात्री संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल ने हिजली रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से करीब 1.05 लाख रुपये मूल्य के छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, दोनों आरोपी बरामद मोबाइलों के स्वामित्व से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
27 सितंबर की रात हिजली स्टेशन पर संयुक्त जांच एवं निगरानी के दौरान RPF कर्मियों की नजर प्लेटफॉर्म संख्या एक पर संदिग्ध रूप से घूम रहे दो व्यक्तियों पर पड़ी। जांच दल को देखते ही दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन प्लेटफॉर्म के बालेश्वर छोर पर वाटर कूलर के पास उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी में विभिन्न कंपनियों के छह मोबाइल फोन मिले। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर बताया कि वे एक एक्सप्रेस ट्रेन से बालेश्वर से हिजली पहुंचे थे और ट्रेन यात्राओं के दौरान यात्रियों के मोबाइल चोरी किए थे। रेलवे सुरक्षा बल ने मोबाइल फोन जब्त कर दोनों को कानूनी प्रक्रिया के तहत राजकीय रेल पुलिस खड़गपुर को सौंप दिया।
















Leave a Reply