झाड़ग्राम। मिट्टी के मकान की दीवार ढहने से हुई विपिन सिंह की मौत के बाद संकट में आए परिवार तक प्रशासन पहुंचा। सांकराइल के भालकिशोल गांव में हुए हादसे के बाद बीडीओ अभिषेक घोष और सांकराइल थाना प्रभारी सौमेन सिन्हा महापात्र ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार को 4 लाख रुपये का मुआवजा और राहत सामग्री सौंपी। प्रशासन ने परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने का भी भरोसा दिया है।
बताया गया कि भालकिशोल गांव में दो मंजिला मिट्टी का मकान अचानक ढह गया था। हादसे में दीवार के नीचे दबकर विपिन सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी चिंता सिंह घायल हो गईं। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारी गांव पहुंचे और परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। जिला प्रशासन की ओर से विपिन सिंह की मृत्यु के मुआवजे के रूप में 4 लाख रुपये का चेक उनके बेटे और बेटी को सौंपा गया। इसके साथ ही परिवार को तिरपाल, साड़ी, कपड़े, खाना पकाने के बर्तन समेत अन्य जरूरी राहत सामग्री दी गई।
मौके पर बीडीओ अभिषेक घोष ने कहा कि प्रभावित परिवार को मुआवजे और राहत सामग्री के साथ हरसंभव सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।















Leave a Reply