कुरमाहाट में ट्रक की टक्कर से अधेड़ जख्मी, हंसडीहा में सड़क के गड्ढे से उछलकर गिरा युवक; हेलमेट ने बचाई जान
सरैयाहाट । शनिवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। हंसडीहा-दुमका मुख्य मार्ग पर कुरमाहाट के समीप तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, हंसडीहा में नेशनल हाईवे पर रेलवे फाटक के समीप सड़क पर बने गड्ढे के कारण बाइक सवार एक युवक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दोनों घटनाओं में घायलों को चोटें आईं। पहली घटना हंसडीहा-दुमका मुख्य मार्ग पर हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुरमाहाट के समीप हुई। घायल की पहचान पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के हरलाटीकर गांव निवासी सियाराम राणा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सियाराम राणा दुमका से बाइक पर सवार होकर हंसडीहा के रास्ते अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर हंसडीहा थाना के एएसआई दुर्गा चरण महतो मौके पर पहुंचे और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरैयाहाट पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

दूसरी घटना हंसडीहा में नेशनल हाईवे पर रेलवे फाटक के समीप हुई। यहां सड़क पर बने गड्ढे के कारण बाइक सवार युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़ा। बताया गया कि झटके के कारण युवक करीब छह फीट तक उछल गया था। हालांकि, हेलमेट पहने होने के कारण उसकी जान बच गई। युवक की पहचान देवघर जिले के रोहिणी निवासी चंदन के रूप में हुई है।
















Leave a Reply