पलामू। झारखंड के पलामू जिले से आज सुबह एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के पांकी-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर बसौरा के पास एक भीषण सड़क हादसे में एक 25 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

कपड़े खरीदने जा रहे थे तीनों दोस्त
मिली जानकारी के अनुसार, पलामू के मुंदरिया गांव के रहने वाले तीन दोस्त—कुश सिंह, राकेश सिंह और गोलू सिंह (संजीत सिंह)—एक ही अपाचे बाइक पर सवार होकर कपड़े खरीदने के लिए लेस्लीगंज बाजार जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बसौरा गांव के पास पहुंची, विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज कि मौके पर मची अफरा-तफरी
टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार तीनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और लूल-लहान हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं, हादसे को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन का चालक गाड़ी समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
पूर्व विधायक ने दिखाई तत्परता, पहुंचाया अस्पताल
घटना के वक्त पांकी के पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह उसी मार्ग से गुजर रहे थे। सड़क पर घायलों को तड़पता देख उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और बिना समय गंवाए एंबुलेंस को सूचना दी। पूर्व विधायक और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए तत्काल मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) भेजा गया। [1]
अस्पताल में एक को मृत घोषित किया, दो का इलाज जारी
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद गोलू सिंह (पिता: सत्येंद्र सिंह) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य दो घायलों (कुश सिंह और राकेश सिंह) की स्थिति गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उनका इलाज जारी है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की जानकारी मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
















Leave a Reply