JHAHIN/2014/58773

गोपीकांदर में भीषण सड़क हादसा: कोयला और बालू लदे ट्रकों में आमने-सामने की भिड़ंत, लगा दो किलोमीटर लंबा जाम

Spread the love

गोपीकांदर। गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर रविवार को गोपीकांदर थाना क्षेत्र के कारुड़ीमोड़ के समीप एक कोयला लोड हाइवा और बालू लदे एलपी ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कोयला हाइवा का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों वाहनों के चालक और उपचालक बाल-बाल बच गए तथा किसी की जान नहीं गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन विपरीत दिशा से आ रहे थे। कारुड़ीमोड़ के पास अचानक दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए।

हादसे के कारण स्टेट हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। विशेषकर कोयला परिवहन करने वाले हाइवा वाहनों की कतार लगभग दो किलोमीटर तक पहुंच गई, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों के फंस जाने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही गोपीकांदर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे कराया। करीब कई घंटों की मशक्कत के बाद सड़क पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी और आवागमन फिर से शुरू किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!