हंसडीहा का रहने वाला था मृतक, गोड्डा के निजी क्लिनिक में करता था काम
सरैयाहाट। हंसडीहा-महगामा राष्ट्रीय राजमार्ग-133 पर हंसडीहा थाना क्षेत्र के गंगवारा गांव के समीप सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान हंसडीहा के हथगढ़ निवासी भुवनेश्वर मंडल के 22 वर्षीय पुत्र रोशन मंडल के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों की चीत्कार से पूरे मोहल्ले का माहौल गमगीन हो गया। जानकारी के अनुसार, रोशन गोड्डा स्थित लाइफ केयर क्लिनिक में काम करता था। वह रोजाना की तरह रविवार को अपनी स्कूटी से हंसडीहा से गोड्डा जा रहा था। इसी दौरान गंगवारा गांव के समीप आगे चल रहे हाइवा ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से उसकी स्कूटी ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोशन के सिर में गंभीर चोट लगी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर हंसडीहा पुलिस मौके पर पहुंची और शव के साथ दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी व हाइवा ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। वहीं, मृतक के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

















Leave a Reply