मृतक पिता की पहचान दीपक कुमार के रूप में, 10 वर्षीय पुत्र ने एमजीएम में तोड़ा दम
जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना अंतर्गत एग्रिको सिग्नल चौक के पास रविवार देर शाम तेज रफ्तार हाइवा ने स्कूटी सवार पिता-पुत्र को अपनी चपेट में ले लिया। भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र दोनों की मौत हो गई। मृतक पिता की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है, जबकि उनका पुत्र करीब 10 वर्ष का बताया जा रहा है। दोनों डिमना के चंद्रवती नगर के रहने वाले बताए गए हैं।
बताया जाता है कि रविवार देर शाम दीपक कुमार अपने 10 वर्षीय पुत्र के साथ स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान एग्रिको सिग्नल चौक के पास तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।
स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। हादसे में दीपक कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल उनके 10 वर्षीय पुत्र को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी और हाइवा को कब्जे में लेकर थाना भेज दिया है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी गई।
नो एंट्री में भारी वाहनों की आवाजाही पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने आरोप लगाया कि एग्रिको सिग्नल और आसपास के इलाकों में नो एंट्री के समय के बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही होती रहती है। लोगों का सवाल है कि यदि भारी वाहनों के प्रवेश के लिए समय निर्धारित है, तो नो एंट्री के दौरान हाइवा शहर के अंदर कैसे पहुंचा।











Leave a Reply