खड़गपुर। खराब मौसम के बीच खड़गपुर शहर में नागरिक सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा की मांग को लेकर सैकड़ों महिलाएं सड़क पर उतर आईं। सारा भारत गणतांत्रिक महिला समिति (AIDWA) के नेतृत्व में महिलाओं ने खड़गपुर अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर प्रशासन को छह सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के बाद संगठन की ओर से स्मृतिकणा देवनाथ, कस्तूरी दास, निभा पाल, सोमा राय और चित्रा बोस के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने एसडीओ से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, एसडीओ ने मांगों की जांच कर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
महिलाओं ने अन्नपूर्णा भत्ता योजना के पात्र लाभार्थियों को 3,000 रुपये मासिक की बकाया राशि का तत्काल भुगतान करने और लंबित आवेदनों के शीघ्र निपटारे की मांग की। विधवा, वृद्धावस्था समेत सामाजिक सुरक्षा पेंशन की समस्याओं के समाधान पर भी जोर दिया गया।
ज्ञापन में विशेष गहन पुनरीक्षण ट्रिब्यूनल में लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे और सत्यापन के बाद मतदाता सूची से हटाए गए वास्तविक मतदाताओं के नाम बहाल करने की मांग रखी गई। इसके अलावा सड़क, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और जल निकासी व्यवस्था सुधारने तथा आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण की मांग की गई। मिड-डे मील, आईसीडीएस समेत सरकारी योजनाओं में कार्यरत महिला कर्मियों के लिए उचित त्योहार भत्ता बोनस की मांग भी उठी।














Leave a Reply