आदित्यपुर। गायत्री शिक्षा निकेतन स्कूल परिसर में गुरुवार को आयोजित विशेष शिविर में मतदाताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मतदाता सूची से नाम कटने के भय से नागरिक बारिश की परवाह किए बिना अपने-अपने बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) से संपर्क करने और विवरण में त्रुटि निष्पादन के लिए पहुंच रहे हैं।
शिविर में कार्य को सुचारू और व्यवस्थित रखने के लिए 4 से 5 टेबलें लगाई गई हैं, जहां बूथवार तरीके से त्रुटियों का सुधार और सत्यापन कार्य तेजी से किया जा रहा है।
मामले पर जानकारी देते हुए मौके पर उपस्थित अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नोटिस के अनुसार मतदाताओं की तार्किक विसंगतियों की सुनवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोग द्वारा निर्धारित सूची के तहत पृष्ठवार विवरणों व आवश्यक दस्तावेजों का संकलन किया जा रहा है। इसके साथ ही संदिग्ध नागरिकों अथवा अवैध प्रवासियों से जुड़े सवाल पर अधिकारी ने साफ किया कि यहां सभी वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर रहे हैं और अब तक ऐसा कोई संदिग्ध मामला सामने नहीं आया है। समय सीमा को लेकर अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा वर्तमान में 14 अक्टूबर तक की तिथि निर्धारित की गई है, जिस पर संभवतः आयोग द्वारा आगे विचार भी किया जा सकता है। फिलहाल शिविर में लोग कतारबद्ध होकर अपने दस्तावेजों की जांच कराते हुए नजर आए।















Leave a Reply