आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा सोमवार को एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि संसद द्वारा पारित खान एवं खनिज विकास और विनियमन (MMDR) संशोधन विधेयक पूरी तरह से राज्य और जनता के हित में है, लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) अपनी विफलताओं और खनिजों की लूट को छिपाने के लिए जनता में भ्रम पैदा कर रही है।
डॉ. गोस्वामी ने कहा कि विधेयक के माध्यम से केंद्र सरकार ने देश भर में करों की एकरूपता तय की है और कर की अधिकतम सीमा निर्धारित की है, जिससे राज्यों की शक्तियां कम नहीं हुई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि कर्नाटक, तेलंगाना और केरल जैसे गैर-भाजपा शासित राज्यों में इसका विरोध नहीं हो रहा, तो झारखंड में विरोध क्यों? उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के सात वर्षों के कार्यकाल में खदानों और बालू घाटों का न तो सही तरीके से आवंटन हुआ और न ही नीलामी हुई। कोल्हान सहित पूरे राज्य में लौह अयस्क, कोयला, बालू और पत्थर की अवैध तस्करी चरम पर है। वैध खनन ठप होने से करीब 5 लाख कामगार बेरोजगार हो चुके हैं और परिवहन से जुड़े वाहन खड़े हैं।
इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान, आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, राकेश मिश्रा, गणेश कालिंदी, अमितेश अमर, सतीश शर्मा, देवेश महापात्रा, ललन शुक्ला, गुरजीत सिंह और विनय कंचन मौजूद रहे।















Leave a Reply