जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के बिंदल मॉल में बीते दिनों हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार मुख्य साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीतारामडेरा निवासी शंकर मुंडा, परसुडीह निवासी रमेश कुमार शर्मा उर्फ गुड्डू शर्मा उर्फ टीटू शर्मा, मनोज कुमार सरकार और दीपू कुमार ओझा के रूप में हुई है।
बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों ने डोमिनिक की हत्या के लिए शूटरों को एक लाख रुपये की सुपारी दी थी। सुपारी की रकम में से 25 हजार रुपये एडवांस के तौर पर दिए गए थे। इसके अलावा वारदात को अंजाम देने के लिए अन्य जरूरी सामानों की भी व्यवस्था की गई थी।
पुलिस के अनुसार, बिंदल मॉल में फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद साजिश में शामिल आरोपी शहर छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया।
एसएसपी ने बताया कि मामले में अभी शूटरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में भी जुटी है कि हत्या की सुपारी देने के पीछे मुख्य वजह क्या थी और इस पूरी साजिश में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बिंदल मॉल फायरिंग मामले में चार मुख्य साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शूटरों की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले की साजिश और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का और खुलासा हो सकता है।
















Leave a Reply