JHAHIN/2014/58773

दुर्गा पूजा उत्सव में 2000 पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती,जिला प्रशासन की समीक्षा बैठक संपन्न

Spread the love

 

जमशेदपुर। दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने को लेकर सोमवार को बिरसा मुंडा टाउन हॉल में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की ओर से शांति समिति तथा दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

 बैठक में जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब समेत प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी तथा विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

मौके पर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि दुर्गा पूजा जमशेदपुर सहित पूरे जिले का प्रमुख त्योहार है। त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से लगातार तैयारियां की जा रही हैं। 

उन्होंने बताया कि बैठक में दुर्गा पूजा समितियों एवं शांति समिति के सदस्यों से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लिया गया है और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पूजा के दौरान पुलिस बल की तैनाती के साथ 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित किया जाएगा। शहर में अभी से अतिरिक्त पुलिस बल एवं पेट्रोलिंग टीमों की तैनाती शुरू कर दी गई है।

 पूरे जिले में करीब 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सभी पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था की थाना, डीएसपी एवं एसडीएम स्तर से निगरानी की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी भी क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।

यातायात व्यवस्था के लिए बनेगा विस्तृत प्लान

दुर्गा पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन की ओर से विशेष तैयारी की जा रही है। 

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं लोग पूजा पंडालों में पहुंचेंगे, इसलिए यातायात का सुचारू संचालन महत्वपूर्ण है। इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन मिलकर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी

सुरक्षा के मद्देनजर सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं। पूजा समितियों ने भी सीसीटीवी को सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए व्यवस्था पर सहमति जताई है। इसके अलावा संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी के लिए ड्रोन सर्विलांस का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

रैश ड्राइविंग पर होगी कार्रवाई

एसएसपी ने रैश ड्राइविंग एवं लापरवाही से वाहन चलाने वालों को लेकर भी सख्त रुख अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाल के दिनों में 50 से अधिक मॉडिफाइड साइलेंसर नष्ट किए गए हैं। रैश एवं नेग्लिजेंट ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ भी नियमों के तहत कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा।

एसएसपी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे दुर्गा पूजा का त्योहार आपसी सौहार्द, शांति एवं भाईचारे के साथ मनाएं और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा एवं यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने सभी जिलावासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं भी दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!