JHAHIN/2014/58773

सोनारी फागु बाबा श्मशान घाट में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, बिंदल मॉल गोलीकांड के दोनों मुख्य शूटर घायल

Spread the love

जमशेदपुर(वरुण कुमार):सोनारी थाना क्षेत्र स्थित फागु बाबा श्मशान घाट के पास बुधवार अहले सुबह करीब 3:30 बजे पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में बिंदल मॉल स्थित उड़ीपी रेस्टोरेंट गोलीकांड के कथित मुख्य शूटर मोहन यादव और अजीत मंडल को गोली लगी है। दोनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों का इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, सोनारी के बिंदल मॉल स्थित उड़ीपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में मोहन यादव और अजीत मंडल को मुख्य शूटर बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद दोनों को जमशेदपुर लाया गया था।

पुलिस के अनुसार, बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे दोनों आरोपियों को हथियार बरामद करने के लिए सोनारी स्थित फागु बाबा श्मशान घाट ले जाया गया। आरोपियों ने पुलिस को उस स्थान की जानकारी दी, जहां कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल छिपाकर रखी गई थी।

पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचने के बाद दोनों ने छिपाई गई पिस्टल को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर उसी हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों के पैरों के निचले हिस्से में गोली मारी। गोली लगने के बाद दोनों घायल होकर मौके पर गिर पड़े।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से हथियार बरामद कर लिया। घायल दोनों आरोपियों को पुलिस की टीम एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही जमशेदपुर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वाकारिब, सिटी एसपी ललित मीणा समेत पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल से फॉरेंसिक और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!